Ticker

6/recent/ticker-posts

Ad Code

बलरामपुर में रेप पीड़िता ने की आत्महत्या, वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर अपलोड किया; आरोपी गिरफ्तार

 


बलरामपुर, ९ दिसंबर, २०२५ 
छत्तीसगढ़ के बलरामपुर में एक रेप पीड़िता युवती ने कुएं में कूदकर आत्महत्या कर ली है। युवती ने मरने से पहले एक वीडियो बनाया और उसे इंस्टाग्राम पर अपलोड कर दिया। वीडियो में युवती ने कहा कि वह मरने जा रही है और उसकी मौत का जिम्मेदार सोनू सिंह और उसका भाई है।
युवती के अनुसार, सोनू सिंह ने केस खत्म करवाने के लिए उससे मंदिर में शादी की, लेकिन बाद में किसी और से कोर्ट मैरिज कर ली। सोनू ने युवती के फोन से शादी की तस्वीरें भी डिलीट कर दी थीं और मारपीट कर धमकी दी थी कि अगर किसी को बताया तो उसे मार देंगे। इसी कारण युवती ने आत्महत्या कर ली।
परिजनों ने की सख्त कार्रवाई की मांग
मृतका के पिता ने बताया कि उनकी २० वर्षीय बेटी ५ नवंबर से लापता थी, और शुक्रवार सुबह घर से करीब १०० मीटर दूर कुएं में उसकी लाश मिली। पिता ने इसे एक साजिश बताते हुए कहा कि उन्होंने बेटी के नाक से खून और आंख पर चोट के निशान देखे हैं। परिजनों और ग्रामीणों ने दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है और सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए वीडियो को जांच का अहम हिस्सा मानने को कहा है।
मामले की जांच जारी, पीएम रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई- एएसपी
एडिशनल एसपी विश्व दीपक त्रिपाठी ने कहा कि लाश का पोस्टमार्टम जिला अस्पताल में करवाया गया है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि वीडियो और घटनास्थल के तथ्यों के आधार पर जांच की जा रही है और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पीड़िता ने युवक के खिलाफ दर्ज करवाया था दुष्कर्म का केस
बताया जाता है कि कुछ महीने पहले युवती ने गांव से लगे ग्राम जतरो के सोनू सिंह के खिलाफ रेप का केस दर्ज करवाया था। दोनों के बीच प्रेम संबंध थे, जिसका फायदा उठाकर आरोपी ने दुष्कर्म किया था। इस मामले में पुलिस ने सोनू सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेजा था, लेकिन वह कुछ दिन पहले ही जमानत पर छूटकर बाहर आया था। युवती की गुमशुदगी से एक दिन पहले ही सोनू सिंह और युवती पेशी पर कोर्ट गए थे।