Ticker

6/recent/ticker-posts

Ad Code

जांजगीर-चांपा: हसदेव नदी में डूबे 3 बच्चों के शव बरामद, 4 लाख मुआवजे की घोषणा

 


जांजगीर-चांपा, छत्तीसगढ़:
छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा में बीती शाम लापता हुए 3 बच्चों के शव आज हसदेव नदी से बरामद कर लिए गए हैं। ये तीनों बच्चे सोमवार को स्कूल की छुट्टी होने के कारण सुबह करीब 10 बजे हनुमान धारा घूमने गए थे, लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटे। 26 घंटे चले तलाशी अभियान के बाद, मंगलवार सुबह तीनों के शव नदी की गहराई से निकाले गए।
मृतक बच्चों की पहचान:
मृतक बच्चों की पहचान मनका पब्लिक स्कूल के छात्र रुद्र कुमार (कक्षा 5वीं), युवराज (कक्षा 8वीं), और नेल्सन (कक्षा 9वीं) के रूप में हुई है। वे सभी एक ही मोहल्ले के रहने वाले थे, और इनमें से एक बच्चा सक्ती जिले में पदस्थ एक ASI का पुत्र है।
घटनाक्रम:
परिजनों ने बताया कि बच्चे बीते दिन सुबह साइकिल से घूमने निकले थे। जब वे देर शाम तक वापस नहीं आए, तो तलाश शुरू की गई। एक बच्चे के मोबाइल फोन की लोकेशन हनुमान धारा नदी किनारे मिली, जिसके बाद परिजन और ग्रामीण नदी की ओर पहुंचे। स्थानीय ग्रामीणों ने नदी किनारे तीन साइकिलें, बच्चों के कपड़े और चप्पल देखे, पर बच्चे कहीं नजर नहीं आए। सूचना मिलने पर चाम्पा पुलिस मौके पर पहुंची और तलाशी अभियान शुरू किया।
तलाशी अभियान और बचाव कार्य:
पुलिस ने तुरंत स्थानीय गोताखोरों, नगर सेना और जवानों के साथ मिलकर नदी में सर्च ऑपरेशन चलाया। प्रशासन ने नदी का बहाव कम कराया ताकि गोताखोर गहराई तक उतर सकें। देर रात तक खोजबीन के बावजूद बच्चों का पता नहीं चल सका। सुबह फिर से तलाश शुरू की गई, जिसमें तीनों बच्चों के शव नदी से बरामद हुए।
मुआवजा और कानूनी कार्रवाई:
चाम्पा SDM ने इस घटना को आकस्मिक मृत्यु की श्रेणी में बताते हुए शासन की ओर से प्रत्येक परिजन को 4-4 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान करने की घोषणा की है। तीनों शवों को आगे की कार्रवाई के लिए चाम्पा के BDM अस्पताल भेजा गया है। इस दुखद घटना से पूरे क्षेत्र में मातम छाया हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।