कोरबा: छत्तीसगढ़ के श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन का काफिला कोरबा में नेशनल हाईवे-130 पर स्थित घुईचूआ गांव के पास एक भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गया। काफिले में शामिल एक स्कॉर्पियो गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे उसमें सवार एक एसआई, एक प्रधान आरक्षक और ड्राइवर घायल हो गए। हालांकि, इस हादसे में मंत्री बाल-बाल बच गए।
जानकारी के अनुसार, मंत्री का काफिला कोरबा से रायपुर के लिए रवाना हुआ था। रास्ते में पाली थाना क्षेत्र के पास, एक बाइक सवार युवक अचानक काफिले के सामने आ गया। युवक को बचाने के प्रयास में, काफिले में चल रही स्कॉर्पियो के चालक ने अचानक ब्रेक लगाया। ब्रेक लगाते ही गाड़ी पलट गई। मंत्री देवांगन जिस वाहन में सवार थे, उसका चालक समय रहते गाड़ी नियंत्रित करने में सफल रहा, जिस वजह से मंत्री और उनके साथ अन्य सभी लोग सुरक्षित रहे। काफिले के बाकी वाहन भी समय पर रुक गए, जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया।
हादसे के तुरंत बाद मौके पर हड़कंप मच गया। इसकी सूचना तत्काल पाली पुलिस को दी गई। पाली थाना प्रभारी जितेंद्र यादव टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। उन्होंने घटना स्थल का निरीक्षण भी किया।
घायलों की पहचान प्रधान आरक्षक दिलीप कुमार, प्रधान आरक्षक आर. निमुन तिर्की और स्कॉर्पियो चालक के रूप में हुई है। तीनों को मामूली चोटें आई हैं। हादसे के बाद बाइक सवार तीनों युवक मौके से फरार हो गए। कोरबा एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने बताया कि मंत्री लखनलाल देवांगन के काफिले के सामने बाइक सवार आने से उन्हें बचाने के फेर में सामने चल रही वाहन पलट गई। तीनों को मामूली चोटें आई हैं। पुलिस मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई कर रही है।





Social Plugin