प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना, आश्रम के प्रथम गुरु शिवानंद जी महाराज को किया नमन; सर्किट हाउस में विकास कार्यों और कृषि तैयारियों की भी ली समीक्षा
कोंडागांव, 29 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ के वाणिज्य, उद्योग एवं श्रम मंत्री श्री लखनलाल देवांगन ने बुधवार को अपने एक दिवसीय कोंडागांव प्रवास के दौरान गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर कोपाबेड़ा स्थित प्राचीन शिव मंदिर पहुंचकर भगवान भोलेनाथ की विधिवत पूजा-अर्चना की। उन्होंने प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना करते हुए राज्य के सर्वांगीण विकास और जनकल्याण के लिए प्रार्थना की।
गुरु पूर्णिमा के विशेष अवसर पर श्रम मंत्री श्री देवांगन ने मंदिर परिसर स्थित आश्रम के प्रथम गुरु श्री शिवानंद जी महाराज को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए उनका पूजन भी किया। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में गुरु का स्थान सर्वोच्च है और गुरु का मार्गदर्शन समाज को ज्ञान, संस्कार और सही दिशा प्रदान करता है। इस अवसर पर मंदिर परिसर में श्रद्धा और आध्यात्मिक वातावरण का विशेष उत्साह देखने को मिला।
पूजा-अर्चना कार्यक्रम में पूर्व विधायक श्री सेवकराम नेताम, नगर पालिका अध्यक्ष श्री नरपति पटेल, नगर पालिका उपाध्यक्ष श्री जसकेतु उसेंडी, श्री दीपेश अरोरा, श्री जितेन्द्र सुराना, श्री कुलवंत चहल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
इसके पूर्व श्रम मंत्री श्री देवांगन ने कोंडागांव स्थित सर्किट हाउस में जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में उन्होंने जिले में कृषि गतिविधियों की वर्तमान स्थिति, किसानों को खाद एवं बीज की उपलब्धता, मानसून की प्रगति, वर्षा की स्थिति तथा विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की विस्तृत समीक्षा की।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों को समय पर खाद-बीज उपलब्ध कराया जाए, कृषि कार्यों में किसी प्रकार की बाधा न आने दी जाए तथा शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पारदर्शिता और समयबद्ध तरीके से पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए। साथ ही उन्होंने वर्षा के मद्देनजर आपदा प्रबंधन की तैयारियों पर भी विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री पंकज चंद्रा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अविनाश भोई, अपर कलेक्टर श्री चित्रकांत चाली ठाकुर, एसडीएम श्री अजय उरांव सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में जिले के विकास कार्यों की प्रगति, प्रशासनिक व्यवस्थाओं तथा जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।







Social Plugin