बेलगांव, माकड़ी (कोंडागांव)।
डी.ए.वी. मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल, बेलगांव में शैक्षणिक सत्र 2026–27 के छात्र परिषद चुनाव शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक वातावरण में सम्पन्न हुए। मतगणना के बाद घोषित परिणामों में डिकेश बघेल 80 मत प्राप्त कर स्कूल हेड बॉय निर्वाचित हुए। अनुशासन प्रभारी (बालक) पद पर अन्नूलाल मरकाम, अनुशासन प्रभारी (बालिका) पद पर जिज्ञासा मरकाम, खेल प्रभारी (बालक) पद पर जितेन्द्र सोरी, खेल प्रभारी (बालिका) पद पर देशबती नेताम, स्वच्छता प्रभारी (बालक) पद पर चितरंजन तथा स्वच्छता प्रभारी (बालिका) पद पर अंजलि बघेल विजयी घोषित किए गए।
चुनाव परिणाम घोषित होने के पश्चात विद्यालय में पदभार ग्रहण एवं शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। विद्यालय के प्राचार्य एवं शिक्षकगण की उपस्थिति में सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने अपने पद की शपथ लेते हुए विद्यालय के अनुशासन, स्वच्छता, खेल भावना तथा छात्रहित में निष्ठापूर्वक कार्य करने का संकल्प लिया।
प्राचार्य ने अपने उद्बोधन में कहा कि छात्र परिषद विद्यालय में नेतृत्व क्षमता, जिम्मेदारी और सेवा भावना का विकास करती है। उन्होंने सभी विजयी प्रतिनिधियों को शुभकामनाएँ देते हुए ईमानदारी, अनुशासन एवं समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
मतगणना कार्य काउंटिंग इंचार्ज श्रीमती दिव्या साहू एवं सुश्री शमा वट्टी के निर्देशन में संपन्न हुआ, जबकि सहायक निर्वाचन अधिकारी श्री पवन वैष्णव सहित निर्वाचन दल ने पूरी प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराया। कार्यक्रम के अंत में सभी विजयी विद्यार्थियों का तालियों की गड़गड़ाहट के साथ स्वागत किया गया तथा उनके उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएँ दी गईं।







Social Plugin