Ticker

6/recent/ticker-posts

Ad Code

दिव्यांगजनों को स्वरोजगार से जोड़ने में आएगी तेजी, 24 घंटे में 2.50 लाख रुपये का ऋण स्वीकृत करने के निर्देश

 


छत्तीसगढ़ दिव्यांगजन वित्त एवं विकास निगम के अध्यक्ष श्री लोकेश कावड़िया ने कोण्डागांव में अधिकारियों और बैंक प्रतिनिधियों की समीक्षा बैठक ली

कोण्डागांव, 29 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ दिव्यांगजन वित्त एवं विकास निगम के अध्यक्ष श्री लोकेश कावड़िया ने बुधवार को बस्तर प्रवास के दौरान कोण्डागांव स्थित विश्राम गृह में विभागीय अधिकारियों एवं बैंक प्रतिनिधियों की समीक्षा बैठक लेकर जिले में दिव्यांगजनों को स्वरोजगार के लिए ऋण उपलब्ध कराने की प्रगति का विस्तृत जायजा लिया। बैठक में उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि पात्र दिव्यांगजनों को ऋण स्वीकृति एवं वितरण की प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब न हो तथा सभी प्रकरणों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

बैठक के दौरान अध्यक्ष श्री कावड़िया ने बाजारपारा, कोण्डागांव निवासी श्री गणेशमल पारख को किराना स्टोर स्थापित करने के लिए 2.50 लाख रुपये का ऋण यूनियन बैंक के माध्यम से 24 घंटे के भीतर स्वीकृत एवं वितरित करने के निर्देश संबंधित बैंक प्रबंधक को दिए। उन्होंने कहा कि स्वरोजगार के माध्यम से दिव्यांगजन आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकते हैं और निगम की योजनाओं का उद्देश्य उन्हें सम्मानजनक आजीविका उपलब्ध कराना है।

समीक्षा बैठक में यह भी बताया गया कि जिले के 15 अन्य पात्र दिव्यांगजनों के ऋण प्रकरण बैंक को भेजे जा चुके हैं। अध्यक्ष ने निर्देशित किया कि इन सभी प्रकरणों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करते हुए शीघ्र ऋण स्वीकृत किया जाए। साथ ही शेष पात्र आवेदकों के लंबित प्रकरणों का भी तेजी से निराकरण कर उन्हें स्वरोजगार से जोड़ा जाए।

श्री कावड़िया ने समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले में 40 प्रतिशत अथवा उससे अधिक दिव्यांगता वाले पात्र व्यक्तियों की पहचान कर उन्हें छत्तीसगढ़ दिव्यांगजन वित्त एवं विकास निगम की ऋण योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी जाए। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक पात्र दिव्यांगजन इन योजनाओं का लाभ लेकर अपना स्वयं का व्यवसाय प्रारंभ करें, इसके लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाए और आवेदन प्रक्रिया को सरल एवं सुगम बनाया जाए।

उन्होंने बैंक अधिकारियों से भी अपेक्षा की कि सामाजिक उत्तरदायित्व का निर्वहन करते हुए दिव्यांगजनों के ऋण प्रकरणों का संवेदनशीलता और प्राथमिकता के साथ निराकरण करें, ताकि उन्हें समय पर वित्तीय सहायता मिल सके।

बैठक में छत्तीसगढ़ दिव्यांगजन वित्त एवं विकास निगम के प्रबंधक श्री पंकज वर्मा, यूनियन बैंक के प्रबंधक श्री मनोज जैन, समाज कल्याण विभाग कोण्डागांव की उप संचालक श्रीमती ललिता लकड़ा सहित विभागीय अधिकारी एवं बैंक प्रतिनिधि उपस्थित रहे। बैठक में दिव्यांगजनों के सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण के लिए विभिन्न योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी विस्तार से चर्चा की गई।