Ticker

6/recent/ticker-posts

Ad Code

लगातार बारिश से उफान पर नारंगी नदी, पुल के ऊपर बहा पानी; कोंडागांव–जोंधरापदर–नारायणपुर मार्ग पर आवागमन बंद


कोंडागांव, 26 जुलाई 2026। जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते जनजीवन प्रभावित होने लगा है। भारी वर्षा के कारण कोंडागांव–जोंधरापदर–नारायणपुर मुख्य मार्ग पर स्थित नारंगी नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। नदी का पानी पुल के ऊपर लगभग एक फीट तक बहने लगा है, जिससे दुर्घटना की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियातन इस मार्ग पर आवागमन पूर्णतः बंद कर दिया है।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम कोंडागांव श्री अजय उरांव एवं तहसीलदार श्री मनोज रावटे ने तत्काल मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया। अधिकारियों के निर्देश पर नदी के दोनों ओर बैरिकेडिंग कर मार्ग को पूरी तरह बंद कर दिया गया, ताकि कोई भी वाहन या व्यक्ति जोखिम उठाकर पुल पार करने का प्रयास न करे।

किसी भी आपातकालीन परिस्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए जिला प्रशासन द्वारा नगर सैनिकों की तैनाती भी की गई है। सुरक्षा कर्मी लगातार क्षेत्र की निगरानी कर रहे हैं तथा लोगों को नदी के बढ़ते जलस्तर और संभावित खतरे के प्रति सतर्क कर रहे हैं।

जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए कोंडागांव–जोंधरापदर–नारायणपुर मार्ग पर आवाजाही से बचें तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। प्रशासन ने यह भी कहा है कि जलस्तर सामान्य होने और मार्ग सुरक्षित घोषित किए जाने के बाद ही आवागमन पुनः शुरू किया जाएगा।

लगातार हो रही बारिश को देखते हुए प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और आवश्यकतानुसार राहत एवं सुरक्षा संबंधी सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। आमजन से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा केवल प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करने की अपील की गई है।