Ticker

6/recent/ticker-posts

Ad Code

ग्रामीण महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता को मिलेगा नया आयाम : केंद्रीय प्रभारी अधिकारी श्री पी. नरहरि

 


चिपावण्ड में स्व-सहायता समूह की महिलाओं से किया संवाद, कोंडानार गारमेंट फैक्ट्री का किया निरीक्षण

कोण्डागांव, 25 जून 2026। नीति आयोग, भारत सरकार के केंद्रीय प्रभारी अधिकारी श्री पी. नरहरि ने अपने दो दिवसीय प्रवास के दौरान गुरुवार को कोण्डागांव विकासखण्ड के ग्राम चिपावण्ड स्थित महतारी सदन पहुंचकर स्व-सहायता समूह की महिलाओं से संवाद किया। उन्होंने महिलाओं द्वारा संचालित आजीविका गतिविधियों का अवलोकन करते हुए उनकी आय, स्वरोजगार के अवसरों एवं भविष्य की योजनाओं की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने कोंडानार गारमेंट फैक्ट्री का भी निरीक्षण कर वहां संचालित कार्यों का जायजा लिया।


निरीक्षण के दौरान श्री नरहरि ने महतारी सदन में संचालित आजीविका सेवा केन्द्र का अवलोकन किया। उन्होंने समूह की महिलाओं से दुकान संचालन, उत्पादों के विपणन, आय के स्रोत तथा उससे मिलने वाले आर्थिक लाभ के संबंध में विस्तार से चर्चा की। महिलाओं ने उन्हें अपने कार्यों, उपलब्धियों एवं भविष्य की योजनाओं से अवगत कराया।

महिलाओं को संबोधित करते हुए श्री नरहरि ने कहा कि आर्थिक सशक्तिकरण के लिए उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग, निरंतर कौशल प्रशिक्षण और नवाचार अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने महिलाओं से शासन की विभिन्न स्वरोजगार एवं आजीविका योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान करते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में सूक्ष्म एवं लघु उद्योग स्थापित करने की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने कहा कि स्व-सहायता समूह केवल बचत और ऋण तक सीमित न रहें, बल्कि स्थानीय संसाधनों पर आधारित उद्योग स्थापित कर रोजगार के नए अवसर सृजित करें। इससे न केवल महिलाओं की आय में वृद्धि होगी, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था भी सुदृढ़ होगी और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण को नई गति मिलेगी।

श्री नरहरि ने 12वीं उत्तीर्ण युवतियों एवं महिलाओं को उच्च शिक्षा जारी रखने तथा कौशल विकास कार्यक्रमों से जुड़ने के लिए भी प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा, तकनीकी दक्षता और प्रशिक्षण के माध्यम से महिलाएं रोजगार एवं स्वरोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त कर आर्थिक रूप से और अधिक सशक्त बन सकती हैं।

इस अवसर पर कलेक्टर श्रीमती नुपूर राशि पन्ना, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अविनाश भोई, अपर कलेक्टर श्री चित्रकांत चाली, एसडीएम श्री अजय उरांव, डिप्टी कलेक्टर श्री किशोर शर्मा, तहसीलदार श्री मनोज रावटे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।