Ticker

6/recent/ticker-posts

Ad Code

कोण्डागाँव जिले के ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभाओं का सफल आयोजन

 


आवास प्लस 2.0 सर्वे में पात्र हितग्राहियों का पारदर्शी चयन, दावे-आपत्तियों का मौके पर हुआ निराकरण


कोण्डागाँव, 25 जून 2026। कलेक्टर श्रीमती नुपूर राशि पन्ना के निर्देशन में कोण्डागाँव जिले की सभी ग्राम पंचायतों में 24 जून 2026 को विशेष ग्राम सभाओं का सफल आयोजन किया गया। इस विशेष अभियान का उद्देश्य प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत ‘आवास प्लस 2.0’ सर्वे में शामिल ग्रामीण परिवारों की पात्रता एवं अपात्रता का पारदर्शी निर्धारण करना था, ताकि वास्तविक जरूरतमंद परिवारों को योजना का लाभ मिल सके।


जिला प्रशासन द्वारा संपूर्ण प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप संपन्न कराने के लिए प्रत्येक ग्राम पंचायत में शासकीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नोडल अधिकारी के रूप में नियुक्त किया गया था। उनकी उपस्थिति में ग्राम सभाओं का संचालन किया गया तथा पूरी प्रक्रिया पर सतत निगरानी रखी गई।


विशेष ग्राम सभाओं में ‘आवास प्लस 2.0’ सर्वे के अंतर्गत पंजीकृत सभी हितग्राहियों की सूची ग्रामीणों के समक्ष सार्वजनिक रूप से पढ़कर सुनाई गई। स्थानीय जनप्रतिनिधियों, ग्रामवासियों एवं नोडल अधिकारियों की उपस्थिति में प्रत्येक नाम पर विस्तार से चर्चा की गई तथा शासन द्वारा निर्धारित पात्रता मानकों के आधार पर परिवारों का सावधानीपूर्वक परीक्षण कर पात्र एवं अपात्र हितग्राहियों का अंतिम चयन किया गया।


ग्राम सभाओं के दौरान प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का भी मौके पर ही निराकरण किया गया, जिससे किसी भी पात्र एवं गरीब परिवार को योजना के लाभ से वंचित न रहना पड़े तथा किसी अपात्र व्यक्ति को अनुचित लाभ प्राप्त न हो। प्रशासन की इस पारदर्शी कार्यप्रणाली की ग्रामीणों ने भी सराहना की।


जिले की ग्राम पंचायतों में सुबह से ही ग्रामीणों का उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष ग्रामीणों ने ग्राम सभाओं में भाग लेकर चयन प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता निभाई। इससे योजना के प्रति ग्रामीणों में जागरूकता एवं विश्वास भी बढ़ा है।


इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया के पूर्ण होने के साथ ही जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत ‘आवास प्लस 2.0’ के पात्र हितग्राहियों को शीघ्र ही पक्के आवास उपलब्ध कराने की दिशा में आगे की कार्यवाही का मार्ग प्रशस्त हो गया है।


जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने इस व्यापक एवं सफल आयोजन के लिए सभी नोडल अधिकारियों, मैदानी अमले, जनप्रतिनिधियों, सरपंचों, सचिवों तथा ग्रामवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जिला प्रशासन भविष्य में भी शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पूर्ण पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध रहेगा।