कलेक्टर ने न्याय विभाग को सौंपा आवंटित भूमि का विधिवत आधिपत्य, वृक्षारोपण कर हरित परिसर निर्माण का लिया संकल्प
कोण्डागांव, 25 जून 2026। कोण्डागांव जिले में न्यायालयीन कर्मचारियों के लिए प्रस्तावित आवासीय परिसर के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई है। गुरुवार को कलेक्टर श्रीमती नुपूर राशि पन्ना द्वारा न्यायालयीन कर्मचारी आवासीय परिसर के लिए आबंटित भूमि का सम्पूर्ण आधिपत्य विधिवत रूप से न्याय विभाग को सौंप दिया गया। इस अवसर को न्यायिक परिवार ने न्यायालयीन कर्मचारियों के दीर्घकालीन आवासीय हितों की पूर्ति की दिशा में एक ऐतिहासिक एवं मील का पत्थर बताया।
भूमि हस्तांतरण के साथ ही प्रस्तावित आवासीय परिसर में पर्यावरण संरक्षण एवं हरित विकास की भावना को साकार करने के उद्देश्य से वृक्षारोपण कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा परिसर को भविष्य में एक हरित, स्वच्छ एवं आधुनिक आवासीय परिसर के रूप में विकसित करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री खिलावन राम रिगरी ने न्यायालयीन कर्मचारियों के लिए आवासीय परिसर की आवश्यकता पर प्रकाश डालते हुए इसे न्यायिक व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया पूर्ण होने पर जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर कलेक्टर श्रीमती नुपूर राशि पन्ना ने कहा कि जिला प्रशासन विभिन्न विभागों की आधारभूत आवश्यकताओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। न्यायालयीन कर्मचारियों के लिए आवासीय परिसर का निर्माण न केवल उनकी कार्यक्षमता एवं सुविधा में वृद्धि करेगा, बल्कि न्यायिक व्यवस्था को भी और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाएगा।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने परिसर के समग्र विकास, पर्यावरण संरक्षण तथा शीघ्र निर्माण कार्य प्रारंभ करने की दिशा में अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। सभी ने विश्वास व्यक्त किया कि आवासीय परिसर के निर्माण से न्यायालयीन कर्मचारियों को बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध होंगी तथा उनके कार्य निष्पादन में भी सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री पंकज चंद्रा, जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश श्री विक्रम प्रताप चंद्रा, अपर सत्र न्यायाधीश श्रीमती प्रतिभा मरकाम, प्रथम व्यवहार न्यायाधीश (वरिष्ठ श्रेणी) श्रीमती रेशमा बैरागी पटेल, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सुश्री गायत्री साय, प्रशासनिक अधिकारी श्री रामनारायण नाग, प्रशासनिक अधिकारी परिवार न्यायालय श्री दिनेश ओझा, न्यायालय उपाधीक्षक श्री उमाकांत स्वाई, जिला नाजिर श्री अमरूम मंडावी, छत्तीसगढ़ न्यायिक कर्मचारी संघ शाखा कोण्डागांव के अध्यक्ष श्री मोहन सिंह देवांगन, सचिव श्री राजेन्द्र यादव, चतुर्थ श्रेणी न्यायिक कर्मचारी संघ शाखा के अध्यक्ष श्री चैनसिंह ठाकुर, उपाध्यक्ष श्री शंकर सिंह बघेल सहित न्यायालय के समस्त तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी उपस्थित रहे।





Social Plugin