Ticker

6/recent/ticker-posts

Ad Code

केंद्रीय प्रभारी अधिकारी श्री पी. नरहरि ने मातृ एवं शिशु अस्पताल का किया निरीक्षण

 


कोण्डागांव, 25 जून 2026। नीति आयोग, भारत सरकार के केंद्रीय प्रभारी अधिकारी श्री पी. नरहरि ने अपने दो दिवसीय प्रवास के दूसरे दिन गुरुवार को कोण्डागांव स्थित मातृ एवं शिशु अस्पताल का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं एवं उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया।


निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में स्वच्छता, गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता तथा फायर सेफ्टी मानकों के प्रभावी पालन पर विशेष जोर देते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।


श्री नरहरि ने स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग का अवलोकन कर प्रसव एवं सोनोग्राफी जैसी महत्वपूर्ण सेवाओं की जानकारी प्राप्त की। इसके पश्चात उन्होंने पोषण पुनर्वास केन्द्र में भर्ती कुपोषित बच्चों के स्वास्थ्य की जानकारी ली तथा उनकी माताओं से संवाद किया।


उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देशित किया कि बच्चों को उपचार एवं पौष्टिक आहार उपलब्ध कराने के साथ-साथ माताओं को नियमित पारंपरिक मालिश के लिए भी प्रेरित करें, जिससे बच्चों के समग्र शारीरिक विकास को बढ़ावा मिल सके।


इस अवसर पर कलेक्टर श्रीमती नुपूर राशि पन्ना ने जिले में संचालित “सुपोषित जीवन अभियान” के अंतर्गत बच्चों को प्रदान किए जा रहे विशेष पौष्टिक आहार एवं पोषण संबंधी गतिविधियों की जानकारी दी।


निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अविनाश भोई, अपर कलेक्टर श्री चित्रकांत चाली ठाकुर, एसडीएम श्री अजय उरांव, डिप्टी कलेक्टर श्री किशोर शर्मा, तहसीलदार श्री मनोज रावटे, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.के. चतुर्वेदी, सिविल सर्जन सह अस्पताल अधीक्षक डॉ. पी.एल. मंडावी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, चिकित्सक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।