कोंडागांव, 13 जून 2026। जिले में पिछले कई दिनों से जारी पेट्रोल-डीजल की कमी अब गंभीर समस्या का रूप ले चुकी है। ईंधन संकट के कारण आमजन, किसान, वाहन चालक तथा विद्यार्थियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति से नाराज ग्राम भगदेवा के ग्रामीणों ने शनिवार को कोंडागांव-अमरावती मुख्य मार्ग पर धरना देकर चक्काजाम कर दिया।
सुबह लगभग 10:20 बजे बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष सड़क पर बैठ गए और "ईंधन दो या आश्वासन दो" के नारे लगाते हुए प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जिले के कई पेट्रोल पंपों में कई दिनों से "नो स्टॉक" का बोर्ड लगा हुआ है, जिससे लोगों को आवश्यक कार्यों के लिए भी ईंधन नहीं मिल पा रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि खेती-किसानी के महत्वपूर्ण सीजन में डीजल की कमी से ट्रैक्टर, थ्रेशर और अन्य कृषि उपकरण बंद पड़े हैं। इसके अलावा स्कूल आने-जाने वाले विद्यार्थियों, मरीजों को अस्पताल पहुंचाने वाले वाहनों तथा रोज कमाकर जीवनयापन करने वाले वाहन चालकों को भी गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
घंटों बाधित रहा यातायात
चक्काजाम के कारण कोंडागांव-अमरावती मार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। यात्री बसों, निजी वाहनों तथा आवश्यक सेवाओं से जुड़े लोगों को भी परेशानी उठानी पड़ी। स्थिति की जानकारी मिलते ही तहसीलदार, थाना प्रभारी एवं पुलिस बल मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से चर्चा कर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया।
प्रशासन से ठोस समाधान की मांग
प्रदर्शनकारी ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि जब तक जिला प्रशासन ईंधन आपूर्ति बहाल करने और नियमित उपलब्धता सुनिश्चित करने का लिखित आश्वासन नहीं देता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। ग्रामीणों ने जिले में पेट्रोल-डीजल की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा भविष्य में ऐसी स्थिति न बनने के लिए प्रभावी व्यवस्था करने की मांग की है।
जनहित का मुद्दा बना ईंधन संकट
जिले में बढ़ते पेट्रोल-डीजल संकट ने प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द ही ईंधन की उपलब्धता सामान्य नहीं हुई तो कृषि कार्यों, परिवहन व्यवस्था और दैनिक जीवन पर इसका और अधिक प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता ।
_____&&&&_________&&&&&&&--______&&&&____&&&&&&&&&_____________&&&&&&&&__
खबरों एवं विज्ञापन के लिए संपर्क करें
सुनील रत्नाकर
मकड़ी कोंडागांव
Mob -9329165563






Social Plugin