Ticker

6/recent/ticker-posts

Ad Code

कोरबा में दिल दहला देने वाली वारदात: घर में अकेली युवती की बेरहमी से हत्या, इलाके में दहशत

 


कोरबा।

जिले के दीपका थाना क्षेत्र अंतर्गत नागिन झोरखी इलाके में एक सनसनीखेज और हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहां 24 वर्षीय युवती रानू साहू की अज्ञात हमलावर द्वारा बेरहमी से हत्या कर दी गई। घटना के बाद से पूरे इलाके में भय और आक्रोश का माहौल है।

मृतका की पहचान रानू साहू (24 वर्ष), पिता रामकुमार साहू के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना के समय रानू घर में अकेली थी, जबकि परिवार के अन्य सदस्य बाहर गए हुए थे। शाम करीब 7 बजे जब परिजन घर लौटे, तो उन्होंने रानू को घर के अंदर लहूलुहान हालत में पड़ा देखा।

परिजनों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि अज्ञात आरोपी ने युवती के सिर पर किसी भारी वस्तु से वार किया, जिससे सिर बुरी तरह कुचल गया और उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

सूचना मिलते ही दीपका थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने क्षेत्र की घेराबंदी कर घटनास्थल को सुरक्षित किया और जांच के लिए फॉरेंसिक टीम एवं डॉग स्क्वायड को बुलाया गया। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और हर संभावित पहलू से मामले की गहन जांच की जा रही है।

इस निर्मम हत्या से स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई है। लोगों ने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।