Ticker

6/recent/ticker-posts

Ad Code

दिशा समिति की बैठक में विकास कार्यों की समीक्षा, पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने और गुणवत्ता पर जोर


कोण्डागांव, 06 जुलाई 2026। जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक सोमवार को जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता बस्तर सांसद महेश कश्यप ने की। इस अवसर पर कांकेर सांसद भोजराज नाग, बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोण्डागांव विधायक लता उसेण्डी, केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम, जिला पंचायत अध्यक्ष रीता शोरी, नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल, कलेक्टर नुपूर राशि पन्ना सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में केंद्र एवं राज्य शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं तथा जिले में संचालित विकास कार्यों की विभागवार समीक्षा की गई। जनप्रतिनिधियों ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की प्रत्येक योजना का लाभ समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से अंतिम पात्र हितग्राही तक पहुंचे तथा किसी भी पात्र व्यक्ति को योजनाओं से वंचित न रहने दिया जाए। निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं निर्धारित समयसीमा का विशेष रूप से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

किसानों को समय पर मिले खाद-बीज, अनियमितता पर होगी सख्त कार्रवाई

बैठक में कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान किसानों को निर्धारित दर पर गुणवत्तायुक्त खाद एवं बीज उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि अधिक कीमत पर खाद-बीज बेचने वाले दुकानदारों के विरुद्ध तत्काल सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

मौसमी बीमारियों और प्राकृतिक आपदाओं से निपटने की तैयारियों की समीक्षा

मानसून को देखते हुए प्राकृतिक आपदाओं एवं मौसमी बीमारियों से बचाव की तैयारियों की भी विस्तार से समीक्षा की गई। साथ ही जिले में विद्युत आपूर्ति को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा लंबित विद्युत संबंधी कार्यों में तेजी लाने के निर्देश संबंधित विभाग को दिए गए।

अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे योजनाओं का लाभ : भोजराज नाग

कांकेर सांसद भोजराज नाग ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार के संयुक्त प्रयासों से बस्तर क्षेत्र के विकास को नई गति मिली है। सभी अधिकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें और नियमित मॉनिटरिंग करते हुए निर्धारित समय पर लक्ष्य पूर्ण करें।

धरती आबा योजना और कौशल विकास की समीक्षा

बस्तर सांसद महेश कश्यप ने धरती आबा योजना के तहत चयनित गांवों के समग्र विकास के लिए तैयार कार्ययोजना की जानकारी ली। उन्होंने प्रधानमंत्री कौशल विकास कार्यक्रम की प्रगति की भी समीक्षा करते हुए युवाओं को रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण से जोड़ने के प्रयास तेज करने के निर्देश दिए।

पीएम किसान सम्मान निधि और एनीमिया नियंत्रण पर विशेष जोर

केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम ने किसानों को निर्धारित मूल्य पर खाद-बीज उपलब्ध कराने एवं विद्युत संबंधी शिकायतों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं कोण्डागांव विधायक एवं बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष लता उसेण्डी ने सभी पात्र किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने किशोरी बालिकाओं में एनीमिया की रोकथाम हेतु नियमित स्वास्थ्य जांच, पोषण एवं सतत निगरानी पर भी विशेष बल दिया।

जल संरक्षण, स्वच्छता, शिक्षा और पेयजल व्यवस्था की भी हुई समीक्षा

बैठक में वीबीजीरामजी योजना के अंतर्गत जल संरक्षण कार्यों को बढ़ावा देने, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत बड़े ग्राम पंचायतों में विधानसभावार ठोस अपशिष्ट प्रबंधन प्रणाली को प्रभावी बनाने तथा प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत स्वीकृत सड़कों का गुणवत्ता मानकों के अनुरूप एवं पारदर्शी निर्माण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

जल जीवन मिशन के तहत 'हर घर जल' प्रमाणित गांवों में निर्बाध पेयजल आपूर्ति बनाए रखने के लिए लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान नए शैक्षणिक सत्र की तैयारियों, विद्यार्थियों को गणवेश, पाठ्यपुस्तकों एवं साइकिल वितरण की प्रगति की जानकारी ली गई। साथ ही स्पष्ट निर्देश दिए गए कि किसी भी जर्जर भवन में कक्षाओं का संचालन नहीं किया जाए। आश्रम एवं छात्रावासों में अध्ययनरत विद्यार्थियों के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण हेतु स्वास्थ्यकर्मियों की व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा गया।

इसके अतिरिक्त बैठक में दूरस्थ क्षेत्रों में सड़क एवं पुल-पुलिया निर्माण, इंटरनेट एवं बैंकिंग सुविधाओं के विस्तार, ऑयल पाम की खेती को प्रोत्साहन सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई तथा आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।

बैठक में नगर पंचायत फरसगांव के अध्यक्ष प्रशांत पात्र, जनपद पंचायत अध्यक्ष अनीता कोर्राम, जनपद पंचायत केशकाल अध्यक्ष नंदनी पोटाई, जनपद पंचायत फरसगांव अध्यक्ष मानकू राम नेताम, जिला पंचायत सदस्य नंदलाल राठौर सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। रहे।