जगदलपुर/बस्तर | 07 जुलाई 2026
भवन एवं अन्य निर्माण श्रमिकों तथा असंगठित क्षेत्र के कर्मकारों के अधिकारों की रक्षा, श्रमिक हितों को मजबूत करने एवं संगठन के विस्तार के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ मजदूर शक्ति संघ (CGMSS) द्वारा बस्तर जिला कार्यकारिणी का गठन करते हुए नई नियुक्तियों की घोषणा की गई। संगठन ने इसे श्रमिकों को एक मजबूत एवं प्रभावी मंच प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।
संघ के प्रदेश अध्यक्ष रवि गढ़वाल के नेतृत्व एवं केंद्रीय बॉडी की सर्वसम्मति/बहुमत से लिए गए निर्णय के अनुसार, संघ के आदर्श विधान की धारा-16 के तहत बस्तर जिला कार्यकारिणी के लिए निम्नलिखित पदाधिकारियों को नियुक्त किया गया है—
- सोमनल बघेल – जिला अध्यक्ष
- पीलाराम नाग – जिला उपाध्यक्ष
- अविनाश बाघ – जिला मंत्री
- लखीराम भारती – जिला मंत्री
- असलम अंसारी – जिला कोषाध्यक्ष
नवनियुक्त पदाधिकारियों को संगठन के संविधान एवं रीति-नीति के अनुरूप कार्य करते हुए भवन एवं अन्य निर्माण श्रमिकों तथा असंगठित क्षेत्र के कर्मकारों को संगठित करने, उनके सामाजिक, आर्थिक एवं राजनीतिक अधिकारों की रक्षा करने तथा शासन द्वारा संचालित विभिन्न श्रमिक कल्याण योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ पात्र श्रमिकों तक पहुंचाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
संघ ने विश्वास व्यक्त किया कि नई जिला कार्यकारिणी श्रमिकों के बीच संगठन का विस्तार करेगी तथा मजदूरों की समस्याओं के समाधान, श्रमिक पंजीयन, नवीनीकरण, श्रमिक सुरक्षा, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं एवं विभिन्न सरकारी सुविधाओं का लाभ दिलाने के लिए सक्रिय रूप से कार्य करेगी। साथ ही श्रमिकों के जीवन स्तर में सुधार, उनके अधिकारों के संरक्षण तथा संगठन को गांव-गांव और कार्यस्थलों तक मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
इस अवसर पर प्रदेश मंत्री सह बस्तर संभागीय अध्यक्ष सुनील रत्नाकर ने कहा कि संगठन का मुख्य उद्देश्य श्रमिकों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा शासन की प्रत्येक श्रमिक कल्याण योजना का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना है। उन्होंने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों से पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं समर्पण के साथ संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष कोंडागांव संजय लाला, समीम खान, दुर्गा, मनोज सेठिया, खूबचंद कश्यप, बली, रंजीता कश्यप सहित संघ के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं एवं बधाई देते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में बस्तर जिले में संगठन और अधिक सशक्त होगा तथा श्रमिक हितों की लड़ाई को नई मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम का समापन संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत बनाने, अधिक से अधिक श्रमिकों को संगठन से जोड़ने तथा उनके अधिकारों की रक्षा के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने के संकल्प के साथ हुआ।





Social Plugin