'मोर गांव मोर पानी' अभियान के तहत जल संरक्षण कार्यों में तेजी लाने के दिए निर्देश
कोण्डागांव, 29 जून 2026/ ग्रामीण विकास योजनाओं के प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अविनाश भोई ने विकासखंड कोण्डागांव की ग्राम पंचायत नेवता का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) तथा विभिन्न अभिसरण योजनाओं के अंतर्गत संचालित विकास कार्यों का स्थल पर जाकर जायजा लिया और कार्यों की प्रगति एवं गुणवत्ता की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान सीईओ श्री भोई ने मनरेगा के तहत ग्राम पंचायत द्वारा कराए जा रहे 'नवा तरिया' (नवीन तालाब) निर्माण कार्य का अवलोकन किया। इसके साथ ही कृषि विभाग के अभिसरण से निर्मित किए जा रहे चेक डैम निर्माण कार्य का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित तकनीकी अधिकारियों को स्वीकृत प्राक्कलन के अनुरूप निर्धारित गुणवत्ता के साथ निर्माण कार्य कराने के निर्देश दिए।
सीईओ ने निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए कहा कि सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं। उन्होंने आवश्यकतानुसार श्रमिकों की संख्या बढ़ाने के निर्देश देते हुए स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। यदि कार्यों में लापरवाही अथवा गुणवत्ता में कमी पाई जाती है तो संबंधित अधिकारियों एवं एजेंसियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि शासन द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में जल संरक्षण पर विशेष बल दिया जा रहा है। इसी क्रम में 'मोर गांव मोर पानी' अभियान के तहत तालाब निर्माण, चेक डैम, डबरी, जल संरक्षण एवं भू-जल संवर्धन से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देते हुए अधिक से अधिक प्रस्ताव तैयार किए जाएं। इससे ग्रामीणों को रोजगार के अवसर मिलने के साथ-साथ भविष्य में जल संकट की समस्या से भी राहत मिलेगी।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों एवं पंचायत प्रतिनिधियों को आपसी समन्वय के साथ विकास कार्यों को गति देने, श्रमिकों को समय पर मजदूरी भुगतान सुनिश्चित करने तथा योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पहुंचाने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, तकनीकी अमला, पंचायत प्रतिनिधि एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।





Social Plugin