कोंडागांव। बस्तर की गौरव एवं पद्मश्री सम्मान से सम्मानित प्रख्यात समाज सेविका सुश्री बुदरी ताती का कोंडागांव आगमन पर आत्मीय एवं भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर कोंडागांव विधायक लता उसेंडी, समाजसेवी दीपेश अरोरा, ननकी वैष्णव सहित अनेक जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं गणमान्य नागरिकों ने पुष्पगुच्छ एवं पारंपरिक सम्मान के साथ उनका अभिनंदन किया।
स्वागत समारोह के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने सुश्री बुदरी ताती द्वारा आदिवासी समाज, महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, संस्कृति तथा सामाजिक उत्थान के क्षेत्र में किए गए उल्लेखनीय योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि पद्मश्री सम्मान प्राप्त कर सुश्री बुदरी ताती ने न केवल बस्तर, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है। उनका जीवन समाज सेवा, संघर्ष और समर्पण की प्रेरणादायी मिसाल है।
इस अवसर पर सुश्री बुदरी ताती ने सभी के स्नेह एवं सम्मान के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज की सेवा ही उनके जीवन का उद्देश्य है। उन्होंने युवाओं से अपनी संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक मूल्यों को सहेजते हुए समाज के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने सुश्री बुदरी ताती के उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना करते हुए उनके सामाजिक कार्यों की निरंतर सफलता की शुभकामनाएँ दीं।





Social Plugin