फरसगांव। छत्तीसगढ़ के फरसगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सोनपुर की दो लापता छात्राएं कांकेर में सुरक्षित मिल गई हैं। दोनों छात्राएं शनिवार को माध्यमिक शाला सोनपुर से लापता हुई थीं, जिसके बाद परिजनों ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस की सक्रियता के बाद अब बच्चियां बाल संप्रेक्षण गृह, कांकेर में हैं। चाइल्ड वेलफेयर विभाग सोमवार को उनकी काउंसलिंग के बाद परिजनों को सुपुर्द करेगा।
पुलिस की जांच और सफलता
छात्राओं के गुम होने की खबर गांव में फैलते ही हड़कंप मच गया था। परिजन और स्थानीय लोग उनकी खोजबीन में जुटे थे। शिकायत मिलने के बाद पुलिस भी तत्काल हरकत में आ गई और बच्चियों की तलाश में जुट गई।
पुलिस ने केशकाल, नारायणपुर, कांकेर, रायपुर से लेकर ओडिशा तक की सीमा के दुकानदारों, होटल स्टाफ और बस स्टाफ के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसके बाद यह सफलता मिली।
मामले का विवरण
यह पूरा मामला विश्रामपुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सोनपुर का है। शनिवार की सुबह कक्षा सातवीं की दो छात्राएं स्कूल के लिए निकली थीं, लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटीं। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।
बताया जा रहा है कि स्कूल से निकलते समय एक बच्ची स्कूल ड्रेस में थी, जबकि दूसरी सिविल ड्रेस में थी। पुलिस अधिकारी विश्रामपुरी केशकाल मार्ग और आसपास के सीसीटीवी कैमरों को खंगालने में जुटे हुए थे और आखिरकार उन्हें कांकेर में ढूंढ लिया गया।





Social Plugin