रायपुर, छत्तीसगढ़: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह गुरुवार रात को रायपुर पहुंचे, जहां नया रायपुर स्थित IIIT परिसर में 28 से 30 नवंबर तक आयोजित होने वाले 60वें अखिल भारतीय DGP-IG कॉन्फ्रेंस में शामिल होंगे। इस महत्वपूर्ण सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शिरकत करेंगे।
एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा, मंत्री दयालदास बघेल, श्यामबिहारी जायसवाल, और राजेंद्र यादव सहित अन्य नेताओं ने अमित शाह का आत्मीय स्वागत किया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी भी शुक्रवार को रायपुर पहुंचेंगे। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि छत्तीसगढ़ में देश का एक बहुत बड़ा सुरक्षा संबंधित कॉन्फ्रेंस हो रहा है, जिसमें महत्वपूर्ण बैठकें होंगी। उन्होंने कहा कि एक ही महीने में प्रधानमंत्री मोदी का छत्तीसगढ़ में यह दूसरा दौरा है, जो राज्य के प्रति उनके प्रेम और अपनापन को दर्शाता है। प्रधानमंत्री और केंद्रीय गृह मंत्री तीन दिन तक छत्तीसगढ़ में रहेंगे।
देशभर के अफसर पहुंचे रायपुर
इस कॉन्फ्रेंस में देशभर के DGP, COP, IG, ADG सहित 75 पुलिस अधिकारी शामिल होंगे। पिछले साल यह सम्मेलन भुवनेश्वर में आयोजित किया गया था, जिसमें प्रधानमंत्री मोदी ने हिस्सा लिया था। छत्तीसगढ़ में पहली बार यह प्रतिष्ठित आयोजन हो रहा है, जिसे राज्य के लिए एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
सुरक्षा और ठहरने की व्यवस्था
सम्मेलन के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है, जिसकी जिम्मेदारी ADG स्तर के अधिकारियों को सौंपी गई है। पुलिस के साथ ही केंद्रीय फोर्सेस, इंटेलिजेंस एजेंसियां मिलकर काम करेंगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एम-1 और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह नए सर्किट हाउस में रुकेंगे। एनएसजी द्वारा नए सर्किट हाउस के 6 सूट और 22 कमरे बुक किए गए हैं। इसके अलावा, ठाकुर ज्ञान संस्थान और निवीग जलदमी में भी कमरे बुक किए गए हैं।
पीएम मोदी देंगे राष्ट्रपति पुलिस पदक
28 से 30 नवंबर तक चलने वाले इस सम्मेलन का उद्देश्य पुलिस चुनौतियों से निपटने में हुई प्रगति की समीक्षा करना और 'विकसित भारत: सुरक्षित भारत' के निर्माण के लिए एक दूरदर्शी खाका तैयार करना है।
सम्मेलन के दौरान, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विशिष्ट सेवा के लिए पुलिस अधिकारियों को राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित भी करेंगे।
राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दों पर होगी चर्चा
यह सम्मेलन देशभर के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और सुरक्षा प्रशासकों को राष्ट्रीय सुरक्षा के विविध मुद्दों पर सार्थक विचार-विमर्श के लिए एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान करता है। इसमें पुलिस बलों के सामने आने वाली परिचालन, अवसंरचनात्मक और वित्त संबंधी चुनौतियों पर चर्चा होगी, ताकि पुलिस व्यवस्था में सुधार हो सके।
वर्ष 2014 से प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में यह सम्मेलन देश के विभिन्न हिस्सों जैसे गुवाहाटी, कच्छ के रण, हैदराबाद, टेकनपुर और स्टैच्यू ऑफ यूनिटी (केवड़िया) में आयोजित किया जा चुका है।






Social Plugin