जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में कांग्रेस विधायक बालेश्वर साहू पर दर्ज धोखाधड़ी के मामले ने सियासी हलचल तेज कर दी है। जैजैपुर विधानसभा से विधायक साहू के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर भाजपा नेताओं ने शनिवार को एसपी कार्यालय पहुंचकर गिरफ्तारी की मांग की।
पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, सक्ति जिला अध्यक्ष कृष्णकांत चंद्रा और भाजपा कार्यकर्ताओं के प्रतिनिधिमंडल ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मांग की गई कि विधायक साहू को शीघ्र गिरफ्तार कर निष्पक्ष जांच की जाए।
बताया जा रहा है कि कांग्रेस विधायक बालेश्वर साहू पर 42 लाख 78 हजार रुपए की धोखाधड़ी का आरोप है। दो दिन पहले चांपा थाने में उनके खिलाफ धोखाधड़ी (फ्रॉड) का मामला दर्ज हुआ है। शिकायत में कहा गया है कि विधायक ने किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) लोन के नाम पर एक किसान से फर्जीवाड़ा कर लाखों रुपए निकाल लिए।
एएसपी उमेश कश्यप ने बताया कि बालेश्वर साहू पहले जिला सहकारी बैंक बम्हनीनडीह में प्रबंधक पद पर कार्यरत थे। पीड़ित राजकुमार शर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि वर्ष 2015 से 2020 के बीच साहू ने HDFC बैंक से लोन दिलाने और 50 एकड़ जमीन का किसान विकास पत्र बनवाने के नाम पर धोखाधड़ी की।
पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है और विधायक की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर तलाश तेज कर दी गई है। वहीं, भाजपा नेताओं ने कहा कि जब तक आरोपी विधायक गिरफ्तार नहीं होते, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
📍 स्थान: जांजगीर-चांपा, छत्तीसगढ़
🗓️ तारीख: 09/10/2025





Social Plugin