![]() |
| माकड़ी से बेलगांव जाने वाली सड़क |
![]() |
| जिला प्रशासन द्वारा जारी निर्देश |
माकड़ी/कोंडागांव। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने माकड़ी क्षेत्र में जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। क्षेत्र के चारों ओर स्थित प्रमुख नालों और पुलों के ऊपर तेज बहाव के साथ वर्षा का पानी बहने से आवागमन लगभग ठप हो गया है। स्थिति इतनी गंभीर है कि माकड़ी का संपर्क आसपास के कई गांवों और जिला मुख्यालय से प्रभावित हो गया है।
बारिश के कारण निम्न प्रमुख मार्गों पर पानी पुलों के ऊपर से बह रहा है, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है—
- माकड़ी–हीरापुर मार्ग स्थित कलीबेड़ा नाला
- माकड़ी–अमरावती मार्ग स्थित बेलगांव नाला
- उमरगांव से मुख्य मार्ग स्थित कावरा नाला
- माकड़ी–कोंडागांव मार्ग स्थित बड़गांव नाला
इन सभी नालों में जलस्तर लगातार बढ़ने से पुलों के ऊपर तेज बहाव बना हुआ है, जिसके कारण लोगों की आवाजाही पूरी तरह प्रभावित हो रही है। माकड़ी क्षेत्र की प्रमुख सड़कें जलमग्न होने से यातायात व्यवस्था चरमरा गई है।
लगातार खराब मौसम और जलभराव की स्थिति को देखते हुए क्षेत्र के कई स्कूलों में भी अवकाश घोषित कर दिया गया है, जिससे विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। वहीं सबसे अधिक चिंता का विषय यह है कि गर्भवती महिलाओं, गंभीर रूप से बीमार मरीजों एवं अन्य आपातकालीन स्थिति वाले लोगों को जिला अस्पताल तक पहुंचने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि अनावश्यक यात्रा से बचें तथा किसी भी हालत में पुलों और नालों के ऊपर बह रहे पानी को पार करने का प्रयास न करें। मौसम की ताजा जानकारी के लिए नियमित रूप से टीवी, रेडियो एवं आधिकारिक समाचारों पर नजर बनाए रखें।
यदि कहीं भी बाढ़, अतिवृष्टि या किसी अन्य प्रकार की आपदा की आशंका हो अथवा तत्काल सहायता की आवश्यकता हो, तो जिला प्रशासन द्वारा स्थापित जिला बाढ़ नियंत्रण कक्ष से तुरंत संपर्क करें।
आपदा सहायता हेल्पलाइन
जिला बाढ़ नियंत्रण कक्ष, कोंडागांव
संपर्क नंबर : 07786-242768
प्रशासन ने नागरिकों से सतर्क रहने, अफवाहों से बचने तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। समय रहते सावधानी बरतना ही किसी भी संभावित दुर्घटना से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है।






Social Plugin