रायपुर। छत्तीसगढ़ के नवा रायपुर स्थित अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में 3 दिसंबर को भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच एकदिवसीय (वनडे) मैच खेला जाएगा। इस मैच के लिए दोनों टीमें रांची से रायपुर एयरपोर्ट पर पहुंच गई हैं। रोहित शर्मा, विराट कोहली और अन्य स्टार खिलाड़ियों के स्वागत के लिए एयरपोर्ट पर भारी संख्या में प्रशंसकों की भीड़ उमड़ी। एयरपोर्ट से दोनों टीमों को कड़ी सुरक्षा के बीच सीधा नया रायपुर स्थित मेफेयर होटल के लिए रवाना किया गया।
प्रैक्टिस और मैच की तैयारी
मिली जानकारी के अनुसार, 2 दिसंबर को दोपहर 1:30 बजे दक्षिण अफ्रीका की टीम प्रैक्टिस करेगी और भारत की टीम शाम साढ़े 5 बजे से अभ्यास करेगी। खिलाड़ियों की सुविधा के लिए मुंबई से विशेष लग्जरी बसें पहले ही रायपुर पहुंच चुकी थीं।
दूसरी ओर, स्टेडियम में वनडे मैच को लेकर 70 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है और बाकी का कार्य तेजी से जारी है। दर्शकों के बैठने की व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए टूटी कुर्सियों को बदला गया है। स्टेडियम में रंग-रोगन कर पूरे परिसर को नया लुक दिया गया है।
खिलाड़ियों के लिए विशेष खान-पान व्यवस्था
रायपुर में वनडे मैच को लेकर खिलाड़ियों की मेजबानी व्यवस्था भी खास की गई है। टीम इंडिया के लिए सभी राज्यों की डिशेज उपलब्ध रहेंगी, जिसमें छत्तीसगढ़ के पारंपरिक व्यंजन भी शामिल होंगे। वहीं, साउथ अफ्रीका के खिलाड़ियों के लिए विदेशी फूड तैयार किया जाएगा। लिस्ट के अनुसार, स्पेशल न्यूट्रीशियन डाइट मेन्यू तैयार किया गया है। मैच वाले दिन भी खिलाड़ियों के लिए खाना होटल से सीधे स्टेडियम तक पहुंचाया जाएगा, ताकि फिटनेस और स्वाद दोनों में कोई कमी न हो।





Social Plugin